ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

पुणे में आईटी इंजीनियर ने की आत्महत्या

सुसाइड नोट में दो महिला सहकर्मियों और मित्र पर लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

पुणे। पुणे के आईटी हब हिंजवड़ी से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कथित मानसिक प्रताड़ना और लगातार हो रहे तनाव से परेशान होकर 48 वर्षीय आईटी इंजीनियर अमित ब्राम्हे ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने एक नामी आईटी कंपनी की दो वरिष्ठ महिला कर्मचारियों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, अमित ब्राम्हे ने 2 जून को अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आत्महत्या से पहले अमित ने दो पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उन्होंने अपने इस कदम के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।

सुसाइड नोट में अमित ने अपनी वरिष्ठ सहकर्मी अर्चना और शाश्वती पर कार्यस्थल पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि उनसे अच्छे प्रोजेक्ट छीन लिए गए, जानबूझकर कठिन कार्य सौंपे गए, सहकर्मियों के सामने बार-बार अपमानित किया गया और नौकरी छोड़ने के लिए लगातार दबाव बनाया गया।

इसके अलावा, अमित ने अपने मित्र विनोद पालिचा का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उसने उनके खिलाफ झूठी शिकायतें कीं और कंपनी में उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया। सुसाइड नोट में अमित ने कहा कि लगातार मिल रही प्रताड़ना और अपमान के कारण वह यह कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर हुए।

भोसरी पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर आईटी क्षेत्र में बढ़ते मानसिक तनाव, कार्यस्थल पर होने वाले कथित उत्पीड़न और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!