भाऊसाहेब रंगारी की पुण्यतिथि पर 1,500 विद्यार्थियों को स्कूल नोटबुक वितरीत

पुणे। क्रांतिसूर्य भाऊसाहेब रंगारी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट की ओर से उनके स्मरण में जरूरतमंद, मेधावी एवं होनहार विद्यार्थियों को स्कूल कॉपियों का वितरण किया गया। इस सामाजिक पहल के तहत दापोली, भीमाशंकर, सातारा, पुणे शहर और पुणे ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 1,500 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में विश्व रिकॉर्ड धारक आहान मोदी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व सायली नंदकिशोर अगावणे के हाथों विद्यार्थियों को कॉपियों का वितरण किया गया। मात्र 5 वर्ष 8 माह की आयु में आहान मोदी ने 2 मिनट 49 सेकंड में 197 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की सही पहचान कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसके अलावा वे दुनिया के सभी देशों, उनकी राजधानियों और मानचित्र पर उनकी स्थिति भी सटीक बता सकते हैं।
वहीं, कथक एवं वेस्टर्न डांसर सायली अगावणे ने डाउन सिंड्रोम तथा शारीरिक एवं मानसिक चुनौतियों पर अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से विजय प्राप्त कर विशेष बच्चों के लिए प्रेरणादायी कार्य किया है। वे विशेष बच्चों को नृत्य और योग का प्रशिक्षण भी देती हैं। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से आहान मोदी और सायली अगावणे का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा (तेलंगाना) के उपाध्यक्ष संजय घनाटे, एनआईटी कोलकाता के सेवानिवृत्त निबंधक विजयकुमार सिंह, नई दिल्ली की सेवानिवृत्त आयकर आयुक्त शिखा दरबारी तथा भावसार समाज युवा मोर्चा के अध्यक्ष राम सरोदे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजीव जावळे, सचिव दिलीप आडकर, ट्रस्टी मिलिंद डफळ सहित श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



