अब नॉर्मल होम’ के बच्चे सीख रहे आत्मनिर्भरता का हुनर : संदीप खर्डेकर
विशेष बच्चों को पणती, कॉफी पेंटिंग, पौधे तैयार करने के साथ व्यवहारिक ज्ञान का भी प्रशिक्षण : किशोरीताई पाठक

क्रिएटिव्ह फाउंडेशन की ओर से उपयोगी साहित्य भेंट : मंजुश्री खर्डेकर
पुणे। विशेष बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘अब नॉर्मल होम’ द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। यहां बच्चों को पणती सजाने, कॉफी पेंटिंग, पौधे तैयार करने सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाने के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी सिखाया जा रहा है।यह विचार क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने ‘अब नॉर्मल होम’द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए किया।
संदीप खर्डेकर ने कहा कि ‘अब नॉर्मल होम’ में विशेष बच्चों को स्वावलंबन के लिए तैयार किया जा रहा है। इन बच्चों को अपने पैरों पर खड़े होते देखना बेहद संतोषजनक है। समाज के अधिक से अधिक नागरिकों को दिवाली के अवसर पर इन बच्चों द्वारा तैयार की गई वस्तुएं खरीदकर उनका उत्साह बढ़ाना चाहिए।

‘अब नॉर्मल होम’ की संचालिका किशोरीताई पाठक ने बताया कि संस्था में विशेष बच्चों को विभिन्न वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके साथ ही उन्हें व्यवहारिक ज्ञान भी दिया जाता है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। बच्चों को पौधे तैयार करने, पणतियां रंगने, कॉफी पेंटिंग सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाता है और उनके द्वारा तैयार वस्तुओं की बिक्री भी की जाती है।
इस अवसर पर क्रिएटिव्ह फाउंडेशन की ओर से बच्चों को कलरिंग किट, विभिन्न प्रकार के ब्रश, पोस्टर कलर और अन्य आवश्यक साहित्य भेंट किया गया। फाउंडेशन की विश्वस्त एवं नगरसेविका मंजुश्री खर्डेकर ने कहा कि आने वाले समय में बच्चों को जिस भी सामग्री की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गांधी भवन, कोथरूड में अंधशाला के पास भी यह संस्था कार्यरत है। नागरिक यहां से विशेष बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी कर सकते हैं और उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को सहयोग दे सकते हैं।
इस अवसर पर ‘अब नॉर्मल होम’ की शिक्षिका एवं प्रशिक्षक मेघना मिठभाकरे, सुजाता जावळे, अवंती राळेगावकर और वैशाली जहागीरदार उपस्थित थीं।


