आगामी महानगरपालिका चुनावों में जैन समाज निभाएगा अहम भूमिका – संदीप भंडारी
भाजपा से150 से अधिक जैन कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरने को तैयार

जैन समाज देश की जीडीपी में महत्वपूर्ण योगदान
मुंबई/पुणे: व्यापार, उद्योग, सहकार, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाला जैन समाज अब सक्रिय राजनीति में भी संगठित और प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। आगामी महानगरपालिका चुनावों में जैन समाज निर्णायक भूमिका निभाएगा, यह दावा भारतीय जनता पार्टी जैन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष श्री संदीप भंडारी ने किया।
उन्होंने कहा कि जैन समाज देश की जीडीपी में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ आपदा और संकट के समय सेवा कार्यों में सदैव आगे रहा है। अब तक अपेक्षाकृत राजनीतिक रूप से पीछे माना जाने वाला यह समाज अब संगठित शक्ति के साथ राजनीति में सक्रिय हो रहा है।
भंडारी ने बताया कि जैन समाज भारतीय जनता पार्टी का पारंपरिक और विचारधारात्मक मतदाता रहा है। वर्ष 2021 में तत्कालीन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री चंद्रकांतदादा पाटील के नेतृत्व में महाराष्ट्र में देश का पहला भाजपा जैन प्रकोष्ठ गठित किया गया, जिससे जैन युवाओं को राजनीति के मुख्य प्रवाह से जोड़ने का सशक्त मंच मिला। इसके बाद अल्प समय में राज्यभर से हजारों जैन समाज के कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े और जैन प्रकोष्ठ एक मजबूत संगठन के रूप में उभरा।
लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जैन प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सक्रिय कार्य करते हुए जैन समाज में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। अब इसी अनुभव के आधार पर आगामी महानगरपालिका चुनावों में हर नगर निगम में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है।
अखिल भारतीय अल्पसंख्यक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ललित गांधी और श्री संदीप भंडारी के नेतृत्व में केवल भाजपा से 150 से अधिक जैन कार्यकर्ता महानगरपालिका चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। जैन समाज के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में संगठित भागीदारी देखने को मिल रही है।
पिछले आठ महीनों से भाजपा जैन प्रकोष्ठ द्वारा सुनियोजित चुनावी तैयारी की जा रही है। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए नगर-निगमवार कोर समितियों की घोषणा हो चुकी है। प्रत्येक क्षेत्र में जैन समाज की सशक्त राजनीतिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
जैन समाज का
भाजपा द्वारा जैन समाज के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए श्री भंडारी ने कहा कि “जैन अल्पसंख्यक आर्थिक विकास निगम” की स्थापना, मरीन ड्राइव क्षेत्र में जैन जिमखाना हेतु भूमि आवंटन, भगवान महावीर के 2550वें निर्वाण कल्याणक महोत्सव का राज्यस्तरीय आयोजन, मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में 12 जैन तीर्थस्थलों का समावेश और गोवंश संरक्षण जैसे फैसलों से जैन समाज का भाजपा पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
वहीं, जैन अल्पसंख्यक आर्थिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री ललित गांधी ने विश्वास व्यक्त किया कि महायुति सरकार के विकासोन्मुख और जनहितकारी निर्णयों के कारण आगामी महानगरपालिका चुनावों में जैन समाज पूरी मजबूती से महायुति के पक्ष में खड़ा रहेगा।



