उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने बोपोडी व औंध रोड क्षेत्र के अस्पतालों का किया निरीक्षण

पुणे: परशुराम वाडेकर ने आज बोपोडी और औंध रोड क्षेत्र के विभिन्न मनपा अस्पतालों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं युद्धस्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमहापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।इस अवसर पर आरोग्य अधिकारी डॉ. मीना बोराडे, परिमंडल-2 वैद्यकीय अधिकारी डॉ. दीपक पखाले, औंध क्षेत्रीय कार्यालय की वैद्यकीय अधिकारी डॉ. प्रेमलता घाटे, डॉ. गणेश बगाडे तथा शेवाळे दवाखाना की डॉक्टर मैथिली कुलकर्णी सहित अन्य कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

उन्होंने सबसे पहले बोपोडी स्थित संजय गांधी अस्पताल का निरीक्षण किया गया। यहां अस्पताल को अत्याधुनिक उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कर शीघ्र पूर्ण रूप से शुरू करने के आदेश दिए गए। उपमहापौर ने कहा कि नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना मनपा की प्राथमिकता है। इसके बाद कै. द्रोपतीबाई मुरलीधर खेडेकर अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी व्यवस्थाओं को सुधारने और आवश्यक उपाययोजनाएं तत्काल लागू करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
इस दौरान औंध रोड स्थित बाबुराव गेनबा शेवाळे दवाखाना में केवल ओपीडी सेवा संचालित होने पर उपमहापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि यहां खेडेकर अस्पताल की तर्ज पर प्रसूति कक्ष, फिजियोथेरपी सेंटर, एम्बुलेंस सेवा तथा एक्स-रे जैसी सुविधाएं शीघ्र शुरू की जाएं, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को संपूर्ण चिकित्सा सेवा एक ही स्थान पर मिल सके।



