शहर में बढ़ते वानरों की संख्या चिंताजनक, नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल

पुणे: गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही शहर में वानरों की टोलियों की आवाजाही बढ़ने लगी है, जिससे नागरिकों में चिंता का माहौल है। क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने इस मुद्दे को लेकर वन विभाग को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में नारायण पेठ स्थित पुणे मनपा के हरिभाऊ साने वाहनतळ परिसर में वानरों की एक टोली देखी गई। इसके अलावा दो दिन पहले कोंढवे धावडे से आगे खडकवासला बांध के पास भी सड़क पर वानरों का समूह बैठा नजर आया।

हालांकि अब तक इन वानरों ने किसी पर हमला नहीं किया है और न ही किसी को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन शहर के मध्यवर्ती इलाकों में उनकी मौजूदगी छोटे बच्चों और नागरिकों के लिए खतरा बन सकती है।इस संबंध में जब मनपा के उद्यान अधीक्षक अशोक घोरपड़े से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि मनपा का रेस्क्यू सेंटर वन विभाग के निर्देशानुसार बंद कर दिया गया है और इस विषय में वन विभाग से ही संपर्क करना होगा।
इसके बाद संदीप खर्डेकर ने उपवनसंरक्षक डॉ. माधव मोहिते को पत्र लिखकर वानरों की बढ़ती समस्या पर ध्यान देने, उचित कार्रवाई करने और नागरिकों को सतर्क रहने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है



