ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर

आकाशवाणी के 90 वर्ष पुरे होने पर पुणे में वॉकेथॉन का आयोजन

‘फिट इंडिया’ का दिया गया संदेश

Spread the love

पुणे : भारत की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा आकाशवाणी ने अपने गौरवशाली 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर के विभिन्न केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए है इसी कड़ी के तहत पुणे केंद्र की ओर से मॅरेथॉन और वॉकेथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें “फिट इंडिया” का संदेश दिया गया, जिसमें नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आकाशवाणी पुणे केंद्र द्वारा आयोजित यह पदयात्रा शिवाजीनगर स्थित आकाशवाणी कार्यालय से शुरू हुई। प्रतिभागियों ने शिवाजीनगर से ऐतिहासिक शनिवारवाड़ा तक पैदल यात्रा की और पुनः आकाशवाणी कार्यालय पहुंचकर वॉकेथॉन पूर्ण किया। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी के अधिकारी, कर्मचारी, उद्घोषक, कलाकार तथा विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “फिट इंडिया” का संदेश देते हुए आकाशवाणी के 90 वर्षों के योगदान को नमन किया।

आकाशवाणी का गौरवशाली इतिहास

आकाशवाणी के इतिहास की शुरुआत 1920 के दशक में हुई थी। वर्ष 1923 में बॉम्बे, कलकत्ता और मद्रास में प्रायोगिक रेडियो क्लब स्थापित किए गए। इसके बाद 1927 में इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी की स्थापना हुई, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण यह अधिक समय तक नहीं चल सकी। साल 1930 में इंडियन स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस शुरू की गई और 8 जून 1936 को इसका नाम “ऑल इंडिया रेडियो” रखा गया। स्वतंत्रता के बाद 1956 में राष्ट्रीय प्रसारक को आधिकारिक रूप से “आकाशवाणी” नाम दिया गया। यह नाम रवींद्रनाथ टैगोर की कविता से प्रेरित है, जिसका अर्थ है “आकाश से आने वाली वाणी”। स्वतंत्रता आंदोलन, युद्धकालीन सूचना प्रसारण, कृषि एवं शैक्षणिक जागरूकता, वैज्ञानिक प्रगति, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों तक संवाद पहुंचाने में आकाशवाणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में आकाशवाणी देश की लगभग 98 प्रतिशत आबादी तक पहुंच रखती है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। पुणे सहित देशभर में आयोजित यह उपक्रम सफल रहा और एक बार फिर आकाशवाणी का लोगों से भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!