ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

संगीत, सम्मान और उल्लास के साथ संपन्न हुआ ‘पुणे आइडल 2026’

‘वॉइस ऑफ चॉइस’ पुरस्कार से नवल किशोर राम, डॉ. जगदीश हिरेमठ, सपना आनंद छाजेड़ और प्रशांत भस्मे सम्मानित

Spread the love

पुणे / प्रतिनिधि : सोमेश्वर फाउंडेशन की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय लोकप्रिय गायन प्रतियोगिता ‘पुणे आइडल 2026’ का भव्य ग्रैंड फिनाले हाल ही में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बालगंधर्व रंगमंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही . स्वर्गीय कार्यसम्राट विधायक विनायक निम्हण की संकल्पना से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का आयोजन नगरसेवक सनी विनायक निम्हण के मार्गदर्शन में किया गया। पिछले 24 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही ‘पुणे आइडल’ प्रतियोगिता ने राज्यभर के नवोदित और प्रतिभाशाली गायकों को एक सशक्त मंच प्रदान किया है तथा संगीत क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आगे लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

इस वर्ष की प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण 4 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक के प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, सोलापुर, कोल्हापुर, मुंबई सहित विभिन्न शहरों से कुल 560 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विधायक सिद्धार्थ शिरोळे, नगरसेवक सनी विनायक निम्हण, पूर्व नगरसेविका स्वाती निम्हण तथा नगरसेवक रवींद्र साळेगांवकर उपस्थित थे।

कार्यक्रम में विधायक सिद्धार्थ शिरोळे ने कहा कि स्वर्गीय विधायक विनायक निम्हण ने ‘पुणे आइडल’ के माध्यम से पुणे की छिपी हुई संगीत प्रतिभाओं को मंच देने की एक सुंदर परंपरा शुरू की थी। इस प्रतियोगिता के जरिए शहर के प्रतिभाशाली कलाकारों को समाज के सामने आने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने सनी विनायक निम्हण को इस परंपरा को ईमानदारी और भावनात्मक जुड़ाव के साथ आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सनी निम्हण वर्षभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के उपक्रमों के माध्यम से समाज से जुड़कर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक सिद्धार्थ शिरोळे ने अपने मधुर गायन से भी उपस्थित दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं मायरा सनी निम्हण द्वारा प्रस्तुत तबला वादन को भी खूब सराहना मिली।

समाजसेवा, प्रशासन, चिकित्सा सेवा और सार्वजनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ संगीत के प्रति विशेष रुचि रखने वाले मान्यवरों को इस अवसर पर ‘वॉइस ऑफ चॉइस’ विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश हिरेमठ, नगरसेविका सपना आनंद छाजेड़ तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रशांत भस्मे शामिल रहे।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद नवल किशोर राम ने ‘इक हसीन शाम को दिल मेरा खो गया’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दर्शकों के आग्रह पर उन्होंने मन्ना डे का लोकप्रिय गीत भी सुनाया। डॉ. जगदीश हिरेमठ ने भावपूर्ण कविता पाठ किया, जबकि प्रशांत भस्मे ने ‘ओंकार स्वरूपा’ और ‘जीवा शिवाची बैलजोडी’ गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिए। सपना आनंद छाजेड़ ने भी प्रभावशाली गायन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सनी विनायक निम्हण ने कहा कि संगीत समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने वाली और मानवीय भावनाओं को समृद्ध करने वाली कला है। ‘पुणे आइडल’ के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उभरते गायकों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है तथा उन्हें बड़ा मंच मिल रहा है।

प्रतियोगिता के चारों समूहों के प्रथम विजेताओं को 15-15 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृतिचिन्ह और सम्मानपत्र प्रदान किए गए। द्वितीय विजेताओं को 10-10 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृतिचिन्ह और सम्मानपत्र, जबकि प्रोत्साहन पुरस्कार विजेताओं को 5-5 हजार रुपये नकद पुरस्कार, स्मृतिचिन्ह और सम्मानपत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में जितेंद्र भुरूक, मंजुश्री ओक और राजेश दातार ने जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई। समापन अवसर पर प्रसिद्ध गायक जितेंद्र भुरूक द्वारा ‘गीतों का सफर’ विशेष संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन मिलिंद कुलकर्णी और ऋतुजा शिरोडे ने प्रभावी ढंग से किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!