Monsoon2026 ,SouthWestMonsoon:मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार: महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आगे बढ़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार को तेजी से आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई क्षेत्रों को अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी है।
आईएमडी के अनुसार, 22 जून को मानसून की उत्तरी सीमा मध्य अरब सागर से होते हुए अलीबाग, पुणे, निजामाबाद, दंतेवाड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, चतरा, गया और मुजफ्फरपुर तक पहुंच गई है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं।मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस दौरान महाराष्ट्र के अन्य क्षेत्रों, मुंबई, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की बढ़ती रफ्तार से मध्य और पूर्वी भारत में व्यापक वर्षा हो सकती है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी और जलाशयों में जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है। वहीं कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



