भारतीय एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष बने पुनीत बालन
2026-30 कार्यकारिणी की घोषणा, 22 पदाधिकारियों का हुआ चयन

पुणे / रांची : भारतीय एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के अध्यक्ष पद पर युवा उद्यमी और खेल प्रशासक पुनीत बालन का निर्विरोध निर्वाचन किया गया है। इसके साथ ही वर्ष 2026-30 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कुल 22 पदाधिकारियों को स्थान दिया गया है। रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित चुनाव में 22 राज्य इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान महाराष्ट्र के उद्योगपति और खेल प्रशासक पुनीत बालन को सर्वसम्मति से फेडरेशन का अध्यक्ष चुना गया।
विदर्भ के पूर्व सांसद रामदास तडास को प्रेसिडेंट एमेरिटस (President Emeritus) तथा बिहार के राजकुमार सिंह को चीफ पैट्रन नियुक्त किया गया। वहीं, तेलंगाना के उषी रेड्डी को महासचिव चुना गया। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को अन्य महत्वपूर्ण पदों और कार्यकारिणी में निर्विरोध चुना गया।
पूर्व उच्च न्यायालय न्यायाधीश रत्नाकर भेंगरा ने चुनाव अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली, जबकि सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश पंकज श्रीवास्तव ने सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की।
इस अवसर पर अरुण सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, विवेक रेड्डी, राहुल सिंह, चेतन गोविंद झा, राजेश सिंह, मनोज शर्मा, कुणाल एम. त्रिपाठी, सम्मी सिंह, सुजल केशरी, प्रदीप तिर्की सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
खेलों को लगातार प्रोत्साहन देने वाले व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाने वाले पुनीत बालन के नेतृत्व में भारतीय कबड्डी को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कोट
“भारतीय एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन का नेतृत्व सौंपने के लिए मैं देशभर की सभी राज्य इकाइयों और पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। कबड्डी भारत का पारंपरिक और जनमानस से जुड़ा खेल है। हम इस खेल को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास करने तथा महिला और युवा कबड्डी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सभी राज्य इकाइयों और पदाधिकारियों के सहयोग से हम भारतीय कबड्डी के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक सफलता दिलाने का प्रयास करेंगे।”
– पुनीत बालन, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, भारतीय एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन



