जलसंधारण दिन पर ‘महा-वॉकेथॉन’ में शामिल होने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने ही लोगो से अपील
21 अगस्त को शिवाजीनगर में ‘रन फॉर वॉटर 2026’ का आयोजन

पुणे : जलसंधारण के महत्व को नागरिकों तक पहुंचाने और जलसंरक्षण की मुहिम को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से 21 अगस्त को जलसंधारण दिवस के अवसर पर ‘महा-वॉकेथॉन – रन फॉर वॉटर 2026’ का आयोजन शिवाजीनगर में में किया जा रहा है। यह आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड, शिवाजीनगर में सुबह 6 से 9 बजे तक आयोजित किया गया है, इसमें शहर के लोगो को अधिक संख्या में शामिल होने की अपील जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने की है।
जिलाधिकारी डुडी ने कहा कि जलसंधारण केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। बढ़ते शहरीकरण, जनसंख्या वृद्धि और पानी की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए उपलब्ध जल का संरक्षण, बारिश के पानी को रोकना और उसे जमीन में उतारना तथा पानी का मितव्ययी उपयोग करना समय की जरूरत है। इसके लिए नागरिकों में जल साक्षरता और जल संरक्षण की भावना विकसित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित ‘महा-वॉकेथॉन – रन फॉर वॉटर 2026’ में जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी स्वयं भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा, “जलसंधारण की मुहिम को जनआंदोलन बनाने के लिए मैं इस अभियान में शामिल हो रहा हूं। आप भी इसमें शामिल हों।”
“मिट्टी बचाएं, पानी बचाएं और जलसमृद्ध महाराष्ट्र बनाएं” का संदेश लेकर नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया गया है। विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न सरकारी विभागों, उद्यमियों, महिलाओं और नागरिकों से उत्साहपूर्वक भाग लेकर जलसंधारण की इस जनमुहिम को मजबूत करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश की हर बूंद को रोकना, उसे जमीन में उतारना और भविष्य में पानी की कमी से बचने के लिए आज से ही सामूहिक प्रयास करना जरूरी है। जलसंधारण के माध्यम से पुणे जिले सहित पूरे महाराष्ट्र को अधिक जलसमृद्ध बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।


