एस. एम. जोशी पुल बंद रखने को लेकर पुलिस आयुक्त से सवाल
क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार से मांगा स्पष्टीकरण

पुणे। गरवारे कॉलेज के पीछे स्थित एस. एम. जोशी पुल को 1 अक्टूबर से यातायात के लिए बंद रखे जाने को लेकर क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार को पत्र देकर स्पष्टीकरण की मांग की है। खर्डेकर ने अपने पत्र में कहा कि पुल को बंद किए जाने के संबंध में स्थानीय पुलिस से जानकारी लेने पर बताया गया कि एमपीएससी के विद्यार्थियों के आंदोलन के कारण पुल को यातायात के लिए बंद रखा गया है। उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
उन्होंने पुलिस आयुक्त से पूछा कि क्या उक्त आंदोलन के लिए पुलिस की ओर से आधिकारिक अनुमति दी गई है? यदि अनुमति दी गई है, तो क्या इससे भविष्य में किसी अन्य संगठन या राजनीतिक दल को भी किसी प्रमुख सड़क अथवा म्हात्रे पुल जैसे महत्वपूर्ण मार्ग को कई दिनों तक बंद रखने की अनुमति देने का रास्ता नहीं खुलेगा?
खर्डेकर ने यह भी सवाल उठाया कि आंदोलन आखिर कितने समय तक चलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि संभव हो तो प्रदर्शनकारियों को किसी सरकारी कार्यालय, जैसे जिलाधिकारी कार्यालय, विधान भवन अथवा किसी निर्धारित मैदान में स्थानांतरित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को यातायात संबंधी परेशानी से राहत मिल सके।उन्होंने पुलिस आयुक्त से कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आम पुणेकरों को केंद्र में रखकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही एस. एम. जोशी पुल को यातायात के लिए बंद रखने के निर्णय और आंदोलन की अनुमति को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया है।


