ताजा खबरपुणे

पुणे में गणपति बप्पा का भव्य दिव्य आगमन, घर-घर गूंजे “गणपति बप्पा मोरया”

Spread the love

पुणे। आज गणेशोत्सव की मंगलध्वनि के साथ पुणे शहर में गणपति बप्पा का धूमधाम से आगमन हुआ। सुबह से ही शहर के हर कोने में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। घर-घर श्री गणेश की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से की गई और भक्तों ने श्रद्धा-भक्ति के साथ बप्पा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं अजित पवार ने भी राज्यभर के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए पुणेकरों के उत्साह की सराहना की। वहीं पुणे के जनप्रतिनिधि तथा केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल, राज्य के उच्च शिक्षा एवं तकनीक मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल, राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, उपसभापति नीलम गोर्हे सहित सभी प्रमुख नेताओं ने अपने-अपने घरों पर गणपति की स्थापना कर श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन किया।

श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति सहित सम्मान के सभी पांच गणपतियों की पारंपरिक भव्य दिव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-ताशे, लेझीम और गजर के बीच हुई इस शोभायात्रा में हजारों भक्तों ने भाग लेकर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा पुणे शहर गुंजायमान कर दिया।

शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। पुलिस आयुक्तालय के निर्देशानुसार अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी गई। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पुलिस महिला कर्मचारी भी तैनात रहीं।

पुणे फेस्टिवल के श्री गणेश की प्राण प्रतिष्ठा भी आज बड़े उत्साह के साथ हुई। यह प्रतिष्ठापना पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम और उनकी पत्नी माला राम के हाथों संपन्न हुई। पुणे फेस्टिवल के अंतर्गत दस दिनों तक कला, संस्कृति और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी कार्यालय में भी गणपति बप्पा का भव्य स्वागत हुआ। सरकारी दफ्तरों से लेकर शैक्षणिक संस्थानों और प्रतिष्ठानों तक आज हर जगह बप्पा की वंदना और मंगलगान का वातावरण रहा।

पुणे शहर इस समय पूरी तरह गणेशमय हो चुका है। दस दिनों तक भक्तिमय माहौल, भक्ति गीतों की गूंज और बप्पा की आराधना में पुणे डूबा रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!