
पुणे। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कोहिनूर ग्रुप के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कृष्णकुमार गोयल ने कहा कि यह बजट दूरदर्शी होने के साथ-साथ देश के समग्र विकास को गति देने वाला है। यह बजट भारत को तेज़ी से ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे ले जाने वाला सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि बजट में बायो-फार्मा, आईटी, डेटा सेंटर, पर्यटन, चिकित्सा पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाएं, बुनियादी ढांचा तथा खनिज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जो भविष्य में रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती का आधार बनेंगे।
श्री गोयल ने यह भी कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों को विकास के नए इंजन के रूप में देखने की केंद्र सरकार की सोच इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जिससे इन शहरों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे पर किए जाने वाले भारी निवेश का अप्रत्यक्ष लाभ रियल एस्टेट क्षेत्र को मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से पुणे-मुंबई और पुणे-हैदराबाद प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं का उल्लेख इस बजट की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगा।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र और विशेष रूप से किफायती आवास (अफोर्डेबल हाउसिंग) के लिए बजट में किसी ठोस घोषणा का अभाव रहा है, जिसे लेकर निर्माण क्षेत्र लंबे समय से अपेक्षाएं कर रहा था।



