मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने पेश किया अनेकता में एकता का मिसाल
कोथरूड निवास स्थान में दिखी सामाजिक एकता का आदर्श

पुणे : भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पुणे के कोथरूड क्षेत्र में सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने अपने ‘देवाशीष’ निवास स्थान पर समाज के सभी वर्गों के लोगों को एकत्रित कर एक प्रेरणादायी पहल की। इस अवसर पर डॉ. आंबेडकर के “समानता और बंधुत्व” के विचारों को केवल शब्दों तक सीमित न रखते हुए, उसे व्यवहार में उतारने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में सफाई कर्मियों से लेकर उच्च पदस्थ अधिकारियों, श्रमिक महिलाओं से लेकर विद्यार्थियों तक सभी वर्गों के नागरिक एक ही छत के नीचे एकत्रित हुए और महामानव को अभिवादन अर्पित की। इस मौके पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर, भाजपा शहराध्यक्ष धीरज घाटे, वरिष्ठ विधिज्ञ एस. के. जैन, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन खरात, शैलेंद्र चव्हाण, संजय सोनवणे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भंते डॉ. हरिषबोधी महाथेरो, भिक्खु हर्षवर्धन थेरो, भिक्खु आनंद मेत्ता, भिक्खुणी धम्म दर्शनी और भिक्खुणी महाबोधी मेत्ता उपस्थित रहे। सभी भिक्खु संघ ने मंत्री चंद्रकांत पाटिल को आशीर्वाद दिया। इस दौरान मंत्री पाटिल ने श्रद्धा के साथ ‘चिवरदान’ कर भिक्खु संघ के प्रति सम्मान प्रकट किया। इसके पश्चात सभी भिक्खुओं ने उपस्थित नागरिकों को आंबेडकर जयंती की मंगलकामनाएं दीं।



