बाणेर–पाषाण लिंक रोड को लेकर चंद्रकांत दादा का प्रयास तेज, आज होगा अहम बैठक

पुणे : बाणेर और पाषाण जैसे महत्वपूर्ण उपनगरों को जोड़ने वाला, पिछले 33 वर्षों से लंबित ‘बाणेर–पाषाण लिंक रोड’ अब सुलझने की दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है। राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा कोथरूड के विधायक चंद्रकांत दादा पाटिल के लगातार प्रयासों के चलते जमीन अधिग्रहण से जुड़े TDR (ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स) और डिमार्केशन (सीमांकन) के मुद्दों पर गुरुवार को पुणे महानगरपालिका के विभिन्न विभागों की अहम बैठक आयोजित की गई है। करीब 1.2 किमी लंबे इस मार्ग में केवल 200 मीटर का हिस्सा भूमि अधिग्रहण की अड़चनों के कारण रुका हुआ था। इसके चलते स्थानीय नागरिकों को रोजाना भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए चंद्रकांत पाटिल ने मनपा आयुक्त के साथ कई बार बैठकें कीं। उनके प्रयासों से पहले ही मनपा द्वारा जिला प्रशासन के पास 25 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। कल होने वाली बैठक में सड़क, भूमि अधिग्रहण, संपत्ति और निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में लंबित 200 मीटर क्षेत्र के डिमार्केशन और संबंधित जमीन मालिकों को दिए जाने वाले TDR पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके बाद अंतिम निर्णय लेकर भूमि अधिग्रहण और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि, “यह सड़क कोथरूड विधानसभा क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। परियोजना को स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए और उन्हें विश्वास में लेकर तेजी से पूरा किया जाना चाहिए।”



